धुरकी में पशु तस्करी रोकने पर ग्रामीणों को पिस्टल दिखाकर धमकाया, वीडियो वायरल, तीन पर FIR
गढ़वा: जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला धुरकी थाना क्षेत्र का है, जहां पशु तस्करी रोकने पर ग्रामीणों को पिस्टल दिखाकर धमकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
झारखंड–यूपी बॉर्डर से हो रही थी पशु तस्करी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 फरवरी की रात करीब 10 बजे झारखंड–यूपी बॉर्डर से सटे धुरकी थाना क्षेत्र के रास्ते एक पिकअप वाहन से पशुओं की तस्करी की जा रही थी। इसकी भनक लगते ही शक्ति गांव के सतर्क ग्रामीणों ने वाहन को रोक लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
कुख्यात अपराधी ने पिस्टल तानकर फैलाया आतंक
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही तस्करों ने कथित रूप से कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी को फोन कर बुला लिया। उसके पहुंचते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पशु तस्करी को लेकर ग्रामीणों और अपराधियों के बीच कहासुनी शुरू हुई। इसी दौरान खुस्तर अंसारी ने अचानक पिस्टल निकालकर ग्रामीणों की ओर तान दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। जान का खतरा देख ग्रामीण पीछे हट गए और आरोपी मौके से फरार हो गए।
बजरंग दल नेता के आवेदन पर तीन के खिलाफ FIR
मामले में बजरंग दल के विवेक सिंह ने धुरकी थाना में आवेदन देकर बताया कि पशु तस्करी रोके जाने पर एक पक्ष द्वारा पिस्टल दिखाकर धमकाया गया।
धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन रावत ने बताया कि विवेक सिंह के लिखित आवेदन के आधार पर तीन व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
एसपी ने की पुष्टि, गिरफ्तारी का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और अपराधी की पहचान स्पष्ट है।
उन्होंने कहा कि कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा
इस घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पशु तस्करी और आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन भय के कारण लोग खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।








