India vs Sri Lanka Women T20: चौथे मुकाबले में भी भारत की नजर दबदबा कायम रखने पर
तिरुअनंतपुरम। पहले तीन मुकाबले जीतकर श्रृंखला अपने नाम कर चुकी भारतीय महिला टीम रविवार को श्रीलंका के खिलाफ चौथे महिला टी-20 मैच में भी अपना दबदबा बनाए रखने के इरादे से उतरेगी। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय टीम ने पांच मैचों की इस श्रृंखला में अब तक एकतरफा प्रदर्शन किया है और श्रीलंका की टीम कोई ठोस चुनौती पेश नहीं कर पाई है। भारत फिलहाल श्रृंखला में 3-0 से आगे है।
पहले तीनों मुकाबलों में भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की। टीम का दबदबा इस बात से समझा जा सकता है कि भारतीय बल्लेबाजों को किसी भी मैच में 14.4 ओवर से अधिक बल्लेबाजी नहीं करनी पड़ी, तीन से ज्यादा विकेट नहीं गिरे और 129 रन से अधिक का लक्ष्य सामने नहीं आया।
इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय मुख्य रूप से भारतीय गेंदबाजों को जाता है। अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा ने दो मैचों में चार विकेट लिए हैं, जबकि रेणुका सिंह ठाकुर ने ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चार विकेट झटककर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीनों मैचों में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिससे कम ओस वाली परिस्थितियों का फायदा गेंदबाजों को मिला।
भारतीय गेंदबाजों ने अब तक किसी भी श्रीलंकाई बल्लेबाज को 40 रन का आंकड़ा पार नहीं करने दिया है। वहीं, भारतीय टीम संयोजन में भी प्रयोग कर रही है। पहले दो मैचों में अरुंधति रेड्डी को मौका मिला, जबकि तीसरे मैच में उनकी जगह रेणुका सिंह को उतारा गया।
श्रीलंकाई बल्लेबाजी रही नाकाम
चमारी अटापट्टू की कप्तानी में श्रीलंकाई बल्लेबाज अब तक पूरी तरह विफल रहे हैं। हसिनी परेरा, कविशा दिलहारी और हर्षिता समरविक्रमा जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी होने के बावजूद टीम ठोस प्रदर्शन नहीं कर सकी है। अगर श्रीलंका को चौथे मैच में चुनौती पेश करनी है तो उसके बल्लेबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी।
मंधाना से बड़ी पारी की उम्मीद
भारतीय बल्लेबाजों ने गेंदबाजों का अच्छा साथ दिया है। शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स ने अर्धशतक जमाकर शानदार फॉर्म दिखाई है। हालांकि, उपकप्तान स्मृति मंधाना अब तक अपनी पूरी लय में नजर नहीं आई हैं। तीन मैचों में उन्होंने 13.33 के औसत से 40 रन बनाए हैं। चौथे मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत इस मैच में युवा बल्लेबाज गुनालन कमलिनी या अनुभवी हरलीन देओल को मौका देता है। भारतीय टीम अब तक अपने लगभग सभी खिलाड़ियों को अवसर दे चुकी है।








