Garhwa Murder Case: देशी कट्टा और माओवादी कनेक्शन के साथ हत्या का खुलासा, अंधविश्वास में चली थी गोली
गढ़वा: गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसमें देशी कट्टा, अवैध हथियार और माओवादी कनेक्शन एक साथ सामने आए हैं। भवनाथपुर–केतार मुख्य मार्ग पर दुधमनिया घाट स्थित यात्री शेड में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई थी, जिसकी गुत्थी अब सुलझा ली गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, एक 3.15 बोर का जिंदा कारतूस, एक 3.15 बोर का खाली खोखा, एक मोबाइल फोन और एक लूना वाहन बरामद किया गया है।
माओवादी कनेक्शन ने बढ़ाई गंभीरता
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में माओवादी गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पर्चा साटने के दौरान सुरक्षा के नाम पर आरोपियों को हथियार उपलब्ध कराए गए थे। इसी हथियार का इस्तेमाल इस हत्या में किया गया।
अंधविश्वास बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सीता रजवार की बेटी की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। अंधविश्वास के चलते वह भवनाथपुर थाना क्षेत्र की ओझा-गुणी मानमति कुंवर के पास गया, जहां कथित तौर पर बताया गया कि घर के दक्षिण दिशा में रहने वाले व्यक्ति ने तंत्र-मंत्र के जरिए उसकी बेटी की जान ली है। मृतक रूखी रजवार भी ओझा-गुणी से जुड़े काम करता था, जिससे आरोपी को यह भ्रम हो गया कि वही बेटी की मौत का जिम्मेदार है।
शराब के बाद यात्री शेड में गोली
इसी भ्रम में आरोपी मृतक को लूना वाहन पर बैठाकर ले गए। रास्ते में शराब खरीदने के बाद दुधमनिया घाट स्थित यात्री शेड पहुंचे, जहां शराब पीने के बाद देशी कट्टा से गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस अब इस मामले में माओवादी कनेक्शन, अवैध हथियारों के स्रोत और ओझा-गुणी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। ओझा-गुणी मानमति कुंवर पहले भी ऐसे मामलों में जेल जा चुकी है।








