गढ़वा में श्रद्धांजलि सभा से लौटे ही मौत; डैम में मिला बुजुर्ग का शव; फूटा गुस्सा
गढ़वा: जिला के केतार प्रखंड के ताली गांव निवासी कइल साह का शव गुरुवार सुबह चटनिया डैम से संदिग्ध हालात में मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलते ही गांव से लेकर राजनीतिक गलियारों तक आक्रोश फैल गया।
रात भर तलाश, सुबह डैम में दिखा शव
परिजनों के अनुसार कइल साह बुधवार को भगवान घाटी में आयोजित शहीद बनिहार श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजन रात भर खोजते रहे, सोशल मीडिया पर गुमशुदगी की सूचना भी डाली गई, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने चटनिया डैम में एक शव देखा, जिसकी पहचान कइल साह के रूप में हुई।
गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
शव जैसे ही गांव पहुंचा, माहौल गमगीन हो गया।
पीड़ित परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे, महिलाओं की चीख-पुकार से पूरा इलाका सन्न रह गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि जमा हो गए।
ठंड से मौत या साजिश? झामुमो का बड़ा आरोप
मामले को लेकर झामुमो के केंद्रीय कार्य समिति सदस्य धर्मराज पासवान के नेतृत्व में प्रेस वार्ता की गई।धर्मराज पासवान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा में देर रात तक कंबल नहीं मिलने के कारण अत्यधिक ठंड से कइल साह की मौत हुई और इसके बाद शव को डैम में फेंक दिया गया।”उन्होंने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
पुलिस मौके पर,पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।इस घटना के बाद केतार क्षेत्र में तनाव का माहौल है। ग्रामीण और राजनीतिक संगठन पूरे मामले की गहन जांच की मांग कर रहे हैं।








