रांची: ED मारपीट मामला पहुंचा हाईकोर्ट, CBI जांच की मांग पर आज हो सकती है सुनवाई
रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ED) के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले ने अब गंभीर कानूनी मोड़ ले लिया है। ईडी ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए झारखंड हाईकोर्ट में आपराधिक रिट याचिका दाखिल की है, जिसमें मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने का आग्रह किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस याचिका पर शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ में सुनवाई होने की संभावना है।
20 करोड़ के कथित घोटाले से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि ईडी पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से जुड़े करीब 20 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में विभाग के क्लर्क संतोष कुमार को पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया गया था।
पूछताछ के बाद संतोष कुमार ने रांची के एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि ईडी अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को सौंपी है।
ED ऑफिस में 8 घंटे चली पुलिस जांच
मामला दर्ज होते ही रांची पुलिस गुरुवार सुबह करीब 7 बजे ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंची।
जांच के दौरान दो डीएसपी कई इंस्पेक्टर और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने करीब आठ घंटे तक ईडी कार्यालय में जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए।
ED का दावा – आरोप झूठे, बाद में रची गई कहानी
इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए CBI जांच की मांग कर दी।
ईडी सूत्रों का दावा है कि
“संतोष कुमार के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट नहीं की गई। पूछताछ के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में कार्यालय से निकले थे।”
ईडी का आरोप है कि बाद में मनगढ़ंत कहानी गढ़कर एजेंसी को बदनाम करने के उद्देश्य से झूठा मामला दर्ज कराया गया।
अब निगाहें हाईकोर्ट पर
अब इस पूरे विवाद में सभी की निगाहें झारखंड हाईकोर्ट पर टिकी हैं, जहां सुनवाई के दौरान यह तय होगा कि जांच किस एजेंसी को सौंपी जाएगी और मामले की आगे की कानूनी दिशा क्या होगी।








