गढ़वा में जंगली हाथी का कहर, जंगल में बकरी चरा रही महिला को कुचलकर मार डाला
गढ़वा: गढ़वा जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक बार फिर अकेले हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना जिले के चिनिया प्रखंड अंतर्गत सिदे गांव की है, जहां जंगल में बकरी चराने गई महिला को हाथी ने कुचलकर मार डाला।
मृतका की पहचान 60 वर्षीय जिरवा देवी, पति मोती लाल कोरवा, निवासी सिदे गांव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि जिरवा देवी रोज की तरह अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में बकरी चराने गई थीं। इसी दौरान जंगली हाथी ने उन्हें अकेला देख अचानक हमला कर दिया और पटक-पटक कर मार डाला।
महिला पर हाथी के हमले की जानकारी जब गांव पहुंची तो पूरे इलाके में आग की तरह खबर फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत चिनिया वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी वनपाल अनिमेष कुमार एवं वनरक्षी हेमंत तिर्की मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर चिनिया वन विभाग परिसर लाया गया।
वन विभाग के प्रभारी वनपाल अनिमेष कुमार ने बताया कि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से मृत महिला के परिजनों को तत्काल ₹50,000 की सहायता राशि अंतिम संस्कार के लिए दी जाएगी। आगे की मुआवजा प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।
गौरतलब है कि इस प्रखंड में हाल के दिनों में यह हाथी के हमले से दूसरी मौत है, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोग वन विभाग से हाथियों के स्थायी समाधान और सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।








