पलामू: थाना परिसर में वर्दी पहन रील बनाना पड़ा महंगा, इंस्पेक्टर सोनू चौधरी पर जांच शुरू- VIDEO
पलामू: हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी एक सोशल मीडिया रील को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गणतंत्र दिवस के दिन थाना परिसर में वर्दी पहनकर पत्नी के साथ रील बनाना अब उनके लिए परेशानी का सबब बन गया है।
बताया जा रहा है कि यह रील थाना परिसर में बनाई गई थी, जिसमें इंस्पेक्टर सोनू चौधरी वर्दी में नजर आ रहे हैं और उनकी पत्नी पुलिस की टोपी पहनकर डांस करती दिखाई दे रही हैं। रील के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला सुर्खियों में आ गया।
जांच शुरू, कार्रवाई तय
मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब (आईपीएस) के नेतृत्व में जांच बैठा दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इंस्पेक्टर सोनू चौधरी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसपी रीष्मा रमेशन ने पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
2012 बैच के अधिकारी हैं सोनू चौधरी
इंस्पेक्टर सोनू चौधरी वर्ष 2012 बैच के सब-इंस्पेक्टर रहे हैं और 2024 में प्रमोशन के बाद इंस्पेक्टर बने। वर्तमान में वे पलामू के हुसैनाबाद थाना प्रभारी हैं। इससे पहले वे चैनपुर थाने में भी पदस्थापित रह चुके हैं।
हुसैनाबाद क्षेत्र बिहार सीमा से सटा हुआ और नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है। ऐसे क्षेत्र में तैनात अधिकारी की इस तरह की गतिविधि को लेकर पुलिस विभाग की छवि पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर अनुशासन का सवाल
इस पूरे मामले ने एक बार फिर वर्दीधारी अधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग और अनुशासन को लेकर बहस छेड़ दी है। अब सबकी नजरें जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।








