अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में बनी कड़ी रणनीति
गढ़वा:जिले में अवैध खनन,परिवहन एवं भंडारण पर कड़ा नियंत्रण सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, उसके परिवहन एवं भंडारण पर रोकथाम को लेकर अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही भविष्य में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
अंचल व थाना प्रभारियों से ली गई रिपोर्ट
उपायुक्त ने जिले में संचालित खनन गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से क्रमवार उनके क्षेत्रों में अवैध खनन की स्थिति तथा रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
हर माह प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थिति अनिवार्य
उपायुक्त दिनेश यादव ने खनन पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आगामी बैठकों में प्रत्येक माह की प्रगति रिपोर्ट के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।उन्होंने आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और कार्रवाई के दौरान पर्सनल सेफ्टी का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
नियमित क्षेत्र भ्रमण के निर्देश
उपायुक्त ने तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा अवैध खनन पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।उपायुक्त श्री यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संयुक्त छापामारी दलों को नियमित रूप से सक्रिय रखा जाए,अवैध खनन से संबंधित शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लिया जाए,
दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा एवं जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव उपस्थित रहे, जबकि अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
हुसैनाबाद में गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, एक पुरुष समेत तीन महिलाएं गिरफ्तार








