12 दिन बाद रांची से अपहृत मासूम भाई-बहन सकुशल बरामद, रामगढ़ से रिकवरी, दो आरोपी गिरफ्तार

Share this:

12 दिन बाद रांची से अपहृत मासूम भाई-बहन सकुशल बरामद, रामगढ़ से रिकवरी, दो आरोपी गिरफ्तार

रांची: झारखंड पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से अपहृत चार और पांच वर्ष के मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका को 12 दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से सुरक्षित निकाला गया है। इस सनसनीखेज अपहरण मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। बच्चों की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं पूरे शहर में खुशी और संतोष का माहौल है।

2 जनवरी को लापता हुए थे दोनों बच्चे

जानकारी के अनुसार, 2 जनवरी को धुर्वा स्थित मौसीबाड़ी खटाल से दोनों बच्चे दोपहर करीब तीन बजे पास की किराना दुकान से सामान लेने निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। देर शाम तक तलाश के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो अगले दिन 3 जनवरी को परिजनों ने धुर्वा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद रांची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया।

40 सदस्यीय SIT, 5000 मोबाइल नंबर और 2000 CCTV खंगाले

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर 40 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने

5000 से अधिक मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया

रांची और आसपास के इलाकों में लगे करीब 2000 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले

मानवीय और तकनीकी खुफिया दोनों स्तरों पर लगातार निगरानी रखी

इसके साथ ही स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से पोस्टर अभियान चलाया गया और बच्चों की जानकारी देने वालों के लिए 4 लाख रुपये इनाम की घोषणा की गई।

शहर में उबाल, NCPCR ने लिया संज्ञान

बच्चों के लंबे समय तक लापता रहने से रांची में जन आक्रोश फैल गया था।
राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किए. रविवार को धुर्वा सबटाउन बंद रखा गया

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने मामले का संज्ञान लेते हुए झारखंड के डीजीपी से रिपोर्ट तलब की. लगातार बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने जांच को और तेज कर दिया।

रामगढ़ से मिली सफलता, गुलगुलिया गिरोह का शक

सघन जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर टीम रामगढ़ के चितरपुर पहुंची और दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बच्चों का अपहरण खानाबदोश गुलगुलिया गिरोह द्वारा किए जाने की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चों की सेहत पूरी तरह ठीक है उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है अपहरण के मकसद और नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है

डीजीपी खुद करेंगी खुलासा

झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्र दोपहर 12:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर विस्तृत जानकारी देंगी।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score