रमकंडा में कृषि मेला सह फसल एवं उद्यान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन, किसानों को किया गया सम्मानित
रमकंडा: प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को कृषि मेला सह फसल एवं उद्यान प्रदर्शनी का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान ने जिला परिषद उपाध्यक्ष सतनारायण यादव, विधायक प्रतिनिधि ज्ञान रंजन पांडेय, उपप्रमुख आरती देवी, मुखिया ललिता लकड़ा श्रवन प्रसाद ,कमेश कोरवा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ : खुशबू पासवान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान ने कहा कि कृषि आज भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने किसानों से खेती के प्रति समर्पित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर कृषि को एक लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सुनियोजित प्रयास करने की आवश्यकता है, क्योंकि किसानों के उत्पाद ही उनकी आर्थिक मजबूती का मुख्य आधार हैं। 
आधुनिक तकनीक अपनाने पर दिया गया जोर
विधायक प्रतिनिधि ज्ञान रंजन पांडेय ने किसानों को संबोधित करते हुए कृषि उत्पादन बढ़ाने एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवाचार और उन्नत खेती के माध्यम से किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
किसानों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
कृषि मेले में किसानों द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रकार की फसलों, सब्जियों एवं उद्यान उत्पादों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचारपूर्ण उत्पाद प्रस्तुत करने वाले किसानों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बीडीसी पति लालमोहन पासवान, नारद कुमार, जितेंद्र सिंह, अजय सिंह, उपेंद्र यादव, मनोज कुमार, किरण हसापूर्ति, आनंदी खलखो, प्रेमी लकड़ा, पूर्णिया देवी, द्रौपदी देवी, अर्चना देवी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
रमकंडा के एक परीक्षा केंद्र पर 406 परीक्षार्थी देंगे मैट्रिक परीक्षा, 3 फरवरी से होगी शुरुआत








