झारखंड में नगर निकाय चुनाव का ऐलान, 23 फरवरी को वोटिंग, 27 को नतीजे
रांची: झारखंड में लंबे समय से लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को शहरी स्थानीय निकाय चुनाव की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके साथ ही राज्य में चुनावी गतिविधियां तेज होने वाली हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य के सभी 48 नगर निकायों में 23 फरवरी (सोमवार) को एक ही दिन मतदान कराया जाएगा। वहीं, 27 फरवरी को मतगणना होगी। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न कराया जाएगा।
नामांकन से लेकर चुनाव चिन्ह तक का शेड्यूल
चुनाव कार्यक्रम के तहत उम्मीदवारों के लिए 29 जनवरी से 4 फरवरी तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी।
5 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी
6 फरवरी को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि होगी
7 फरवरी को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे
इसके बाद चुनाव प्रचार पूरे जोर-शोर से शुरू हो जाएगा।
ट्रिपल टेस्ट के बाद पहली बार निकाय चुनाव
यह चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। ट्रिपल टेस्ट पूरा होने के बाद राज्य में पहली बार नगर निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। वर्ष 2020 से ये चुनाव लंबित थे। पहले कोरोना महामारी, फिर ओबीसी आरक्षण और ट्रिपल टेस्ट को लेकर कानूनी अड़चनों के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी।
हाईकोर्ट के हस्तक्षेप और समयसीमा तय होने के बाद अब चुनाव आयोग को हरी झंडी मिल चुकी है। इसी बीच राज्यपाल ने विधानसभा के बजट सत्र के कार्यक्रम को भी मंजूरी दे दी है, जिससे सरकार और आयोग दोनों के लिए रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
48 निकायों में होगा चुनाव
इस बार जिन 48 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव होंगे, उनमें
9 नगर निगम
20 नगर परिषद
19 नगर पंचायत
शामिल हैं। इन निकायों के जरिए शहरों के विकास, सड़क, पानी, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और नागरिक सुविधाओं से जुड़े जनप्रतिनिधियों का चयन होगा।
राजनीतिक दलों की रणनीति तेज
नगर निकाय चुनावों को लेकर राज्य की राजनीति में भी हलचल बढ़ गई है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल शहरी इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि इन चुनावों के नतीजे आने वाले बड़े राजनीतिक मुकाबलों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।








