गढ़वा में गणतंत्र दिवस 2026 को ऐतिहासिक बनाने में जुटा प्रशासन, तैयारियों पर डीसी–एसपी की सख्त नजर

Share this:

गढ़वा में गणतंत्र दिवस 2026 को ऐतिहासिक बनाने में जुटा प्रशासन, तैयारियों पर डीसी–एसपी की सख्त नजर

गढ़वा : गणतंत्र दिवस 2026 को भव्य, अनुशासित और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त दिनेश यादव और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की हर छोटी-बड़ी तैयारी की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

डीसी दिनेश यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है, जिसे पूरी गरिमा, अनुशासन और समयबद्धता के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मुख्य समारोह टाउन हॉल मैदान, गढ़वा में आयोजित होगा, जहां ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। परेड का पूर्वाभ्यास भी इसी स्थल पर कराया जाएगा, ताकि किसी तरह की चूक न हो।

सुरक्षा से लेकर सुविधा तक, हर व्यवस्था पर फोकस

बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, लाउडस्पीकर, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। स्वतंत्रता सेनानियों को ससम्मान आमंत्रित करने और आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश भी दिया गया।

झांकियां होंगी आकर्षक और संदेशात्मक

विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली झांकियों को देशभक्ति से ओत-प्रोत, आकर्षक और अनुशासित ढंग से प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया। झांकियों के लिए उपयुक्त वाहनों, सुचारु प्रवेश-निकासी और समय प्रबंधन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि समारोह स्थल और आसपास के इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी और मजबूत विधि-व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक रंग

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों और नृत्यों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत करेंगी।वही नगर परिषद, गढ़वा को निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस से पहले शहर के सभी चौक-चौराहों, महापुरुषों की प्रतिमाओं और सार्वजनिक स्थलों की विशेष साफ-सफाई कराई जाए, ताकि गढ़वा शहर पूरी तरह स्वच्छ, सुंदर और सुसज्जित नजर आए।

 

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score