Elephant Attack in Garhwa: चिरका गांव में महिला की कुचलकर हत्या, Forest Alert जारी
गढ़वा: जिले के दक्षिणी वन क्षेत्र में एक बार फिर हाथियों का आतंक जानलेवा साबित हुआ है। चिनिया प्रखंड के चिरका गांव स्थित आमा टोला में गुरुवार देर रात हाथी के हमले में 52 वर्षीय महिला गीता देवी की कुचलकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गीता देवी अपने पति प्रभु कोरवा के साथ घर में सो रही थीं, तभी अचानक हाथियों के झुंड ने गांव में प्रवेश कर उनके घर पर हमला कर दिया। इसी दौरान हाथी ने महिला को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने भंडरिया वन क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में हाथी की मौजूदगी को लेकर Forest Alert जारी कर दिया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हालिया घटना का पैटर्न पश्चिमी सिंहभूम जिले में हुए हाथी हमलों से मिलता-जुलता है, जहां बीते एक सप्ताह में हाथियों के हमले में 17 लोगों की जान जा चुकी है। इसे देखते हुए खतरे को गंभीर माना जा रहा है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें, जंगल की ओर जाने से बचें और किसी भी तरह की हलचल या हाथी की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।
हर वर्ष इस क्षेत्र में हाथी–मानव संघर्ष की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इस बार लगातार हो रही मौतों के कारण स्थिति बेहद चिंताजनक बन गई है। प्रशासन और वन विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।








