गढ़वा में तीसरी मंजिल से गिरकर महिला मजदूर की हुई दर्दनाक मौत
गढ़वा: चिनियां थाना मुख्यालय में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चिनियां मुख्यालय निवासी नसीरूद्दीन अंसारी के नवनिर्मित मकान में काम कर रही महिला मजदूर राजपति कुंवर (पति स्व. मनोज सिंह) की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी मजदूर अवधेश कुमार रवि, उदय कोरवा व अन्य ने बताया कि झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के पीछे बन रहे निर्माणाधीन भवन में राजपति देवी रोज की तरह तीसरी मंजिल पर छत ढलाई से पहले सेंटरिंग के प्लाई में टेप लगा रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और लिफ्टिंग के लिए छोड़े गए गैप से सीधे नीचे पक्की फर्श पर जा गिरीं।गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद मजदूरों व स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें एक निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सक ने गढ़वा रेफर कर दिया। लेकिन गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतका बेहद गरीब परिवार से थी और मेहनत-मजदूरी कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। अब चारों बच्चे माता-पिता के साये से वंचित हो गए हैं। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही चिनियां थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए गढ़वा भेजवाया, फिर निर्माणाधीन भवन पर पहुंचकर जांच शुरू की। मौके पर एएसआई राधेश्याम कुमार, बबन टुडू सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
गढ़वा में पोस्टमार्टम के बाद शव चिनियां पहुंचा। इस दौरान निर्माण कार्य करा रहे घर मालिक नसीरूद्दीन अंसारी ने परिजनों को दाह संस्कार के लिए मृतका के बच्चों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।







