Garhwa: उदयपुर के ग्रामसभा में सुलझा फसल क्षति का मामला,कबूलनामा और बांड के साथ मामला रफा दफा
गढ़वा: गढ़वा जिले के रमकंडा प्रखंड के उदयपुर पंचायत के लल्हेया गांव में पालतू पशुओं द्वारा फसल क्षति का मामला ग्रामसभा के जरिये आपसी सहमति से सुलझा लिया गया। वरुनवा नाला के समीप करीब चार एकड़ में लगी अरहर की फसल को पालतू पशुओं द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने के बाद गांव में ग्रामसभा का आयोजन किया गया, जहां कबूलनामा और बांड पर हस्ताक्षर कर मामले को रफा-दफा कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी को द्वारिका प्रसाद की चार एकड़ अरहर की फसल पशुपालकों की लापरवाही के कारण बर्बाद हो गई थी। पीड़ित किसान के पुत्र रोहित कुमार गुप्ता ने पहले मामले की जानकारी एकत्र की और फिर कानूनी प्रक्रिया से पूर्व इसे ग्रामसभा में रखने का निर्णय लिया।
ग्रामसभा मुखिया पति व झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य राजकिशोर यादव की मौजूदगी में आयोजित हुई, जिसमें पशुपालक सालिम अंसारी, इस्लाम अंसारी, शरीफ अंसारी, पिंटू भुइयाँ, भीखारी भुइयाँ, भुखी भुइयाँ और फिरंगी भुइयाँ ने अपने पशुओं द्वारा फसल क्षति की बात स्वीकार की। सभी ने भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने का भरोसा देते हुए माफी मांगी।
बैठक के दौरान उपस्थित ग्रामीणों के हस्ताक्षर से कबूलनामा सह बांड तैयार किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में यदि इस तरह की घटना दोहराई जाती है, तो पीड़ित किसान को प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई का पूरा अधिकार होगा।
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई इस ग्रामसभा में करीब 30 ग्रामीण शामिल हुए, जिनमें मनीष कुमार, राजू गुप्ता, मुरली मनोहर प्रसाद, सोहराई यादव, अमरेश प्रसाद, छोटू साह, नारद पांडेय, उमेश भुइयाँ, राजेश भुइयाँ, बीरबल भुइयाँ सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।








