Giridih Cyber Crime Arrest: फर्जी फाइनेंस APK फाइल के जरिये ठगी करने वाला तीसरी बार गिरफ्तार
अमित कुमार, गिरिडीह: साइबर अपराध के खिलाफ गिरिडीह पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
शनिवार 10 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से सूचना मिली कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महदैया और शहरपुरा गांव के आसपास कुछ साइबर अपराधी फोन के जरिए लोगों से ठगी कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर साइबर क्राइम डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वे लोगों के मोबाइल पर RTO CHALAN और SHREE RAM FINANCE के नाम से फर्जी APK फाइल भेजते थे। इसके बाद चालान और EMI जमा करने के बहाने आम लोगों से साइबर ठगी को अंजाम देते थे। यह गिरोह पिछले कई महीनों से लगातार इस तरह की ठगी कर रहा था।
इस मामले में गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 01/2026, दिनांक 10.01.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में थाना बेंगाबाद के महदैया गांव के 28 वर्षीय पंकज कुमार मंडल व राजेंद्र कुमार उर्फ राजू अंसारी के नाम शामिल है. इनके पास से तीन स्मार्ट मोबाइल फोन व विभिन्न टेलिकॉम कंपनियों के पांच सिम कार्ड बरामद किये गए.
पुलिस के अनुसार,पंकज मंडल पूर्व में गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 37/23 और 29/24 में दो बार जेल जा चुका है।
वहीं राजेंद्र कुमार के जप्त मोबाइल नंबर पर छत्तीसगढ़ के रायपुर थाना में ऑनलाइन शिकायत संख्या 33301260000512 दर्ज है।
छापामारी टीम में साइबर डीएसपी आबिद खान,पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत (साइबर थाना प्रभारी),पुलिस निरीक्षक पुनित गौतम, पुलिस निरीक्षक गुंजन कुमार,सहायक अवर निरीक्षक संजय मुखियार,हवलदार तेजनारायण प्रसाद,आरक्षी 140 भूपाल मंडल, सहित गिरिडीह पुलिस लाइन से प्राप्त सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
गिरिडीह पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान लिंक, APK फाइल या कॉल से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।








