गढ़वा में शादी का झांसा देकर संबंध, फिर जान से मारने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार
गढ़वा: जिले के रमकण्डा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में जान से मारने की कोशिश का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, हुई गर्भवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम विराजपुर निवासी 23 वर्षीय युवती का प्रेम प्रसंग पिछले करीब छह वर्षों से रमकंडा के रकसी गांव निवासी 26 वर्षीय साकेत केशरी के साथ चल रहा था। एक वर्ष पूर्व दोनों के संबंध से एक बच्चा भी हुआ था। गांव समाज के हस्तक्षेप के बाद दोनों को अलग कर दिया गया था और मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई थी।आरोप है कि कुछ महीनों बाद आरोपी ने पुनः युवती से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा, जिससे वह दोबारा गर्भवती हो गई। वर्तमान में युवती आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है।
फोचका खिलाने के बाद बिगड़ी तबीयत
पीड़िता के अनुसार 21 फरवरी 2026 की दोपहर करीब दो बजे आरोपी ने फोन कर मिलने की बात कही। युवती ने फोचका खाने की इच्छा जताई। आरोप है कि आरोपी फोचका लाकर दिया, जिसे खाने के बाद युवती को उल्टी होने लगी और खून आने लगा। शाम करीब चार बजे आरोपी ने दोबारा फोन कर डॉक्टर के पास ले जाने की बात कही। आरोप है कि डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने मोटरसाइकिल से उसे बैरिया जंगल की ओर ले गया। जंगल में करीब 100 मीटर अंदर ले जाकर आरोपी ने मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। मारपीट में युवती की आंख के पास गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गई।होश आने पर वह किसी तरह जंगल के दूसरे छोर पर छिपी रही और पूरी रात भय के साये में गुजारी। अगले दिन सुबह किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
मामले में पीड़िता के आवेदन पर रमकण्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी साकेत केशरी को गिरफ्तार कर बुधवार सुबह न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।







