Naxal Clash in Chatra: चतरा में वर्चस्व की लड़ाई बनी खूनी संघर्ष, दो की मौत, तीन गंभीर घायल
रांची/चतरा: चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेंदरा गांव में रविवार देर रात नक्सलियों के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई हिंसक झड़प ने इलाके में दहशत फैला दी। आधी रात के आसपास हुई इस गोलीबारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एनआईए का एक आरोपी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना रविवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि लावालौंग निवासी धीरेन्द्र गंझू और चूरामन गंझू अपने समर्थकों के साथ गिरोह बनाकर गेंदरा गांव पहुंचे थे। उनका उद्देश्य श्याम गंझू उर्फ श्याम भोक्ता के घर पर हमला करना
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर तनाव चल रहा था। जैसे ही हमलावरों ने फायरिंग शुरू की, दूसरे पक्ष ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान अंधाधुंध गोलीबारी हुई, जिसमें हमलावर गुट के धीरेन्द्र गंझू और चूरामन गंझू को गोलियां लगीं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस मुठभेड़ में दूसरे पक्ष से श्याम भोक्ता, उनकी पत्नी और उनके साले गोपाल गंझू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार घायल श्याम भोक्ता पूर्व में एनआईए का आरोपी रह चुका है और उसका नाम कई संगीन मामलों में सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
video-output-0F87E088-4236-4E0A-ACE7-B0DFE21856B8-1
चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पूर्व नक्सलियों के आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। मारे गए धीरेन्द्र गंझू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर 30 से अधिक मामले दर्ज थे। दोनों पक्ष पहले प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी से जुड़े रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि इस खूनी संघर्ष की असल वजह क्या थी और इसमें और कौन-कौन शामिल था।
इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।








