Nimesulide Ban Update: केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 100mg से ज्यादा डोज वाली निमेसुलाइड दवाओं पर रोक
नईदिल्ली: केंद्र सरकार ने आमतौर पर दर्द और बुखार में इस्तेमाल की जाने वाली दवा निमेसुलाइड (Nimesulide) को लेकर बड़ा और सख्त फैसला लिया है। Nimesulide Ban Update के तहत सरकार ने 100 मिलीग्राम से अधिक डोज वाली सभी ओरल (खाने वाली) निमेसुलाइड दवाओं की मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, निमेसुलाइड एक Non-Steroidal Anti-Inflammatory Drug (NSAID) है, जो दर्द और सूजन को कम करने में प्रभावी मानी जाती है। हालांकि, इसकी अधिक डोज से लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह अहम निर्णय लिया है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध केवल 100mg से अधिक डोज वाली निमेसुलाइड दवाओं पर लागू होगा। कम डोज (Low Dose) वाली निमेसुलाइड दवाएं बाजार में पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी और उन पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।
सरकार के निर्देश के बाद निमेसुलाइड ब्रांड बेचने वाली सभी दवा कंपनियों को हाई डोज वाली दवाओं का प्रोडक्शन तुरंत बंद करना होगा। इसके साथ ही, जो दवाएं पहले से बाजार में उपलब्ध हैं, उन्हें रिकॉल (वापस मंगाने) का आदेश दिया गया है।
गौरतलब है कि जानवरों के इलाज में निमेसुलाइड के इस्तेमाल पर पहले ही 11 महीने पहले रोक लगाई जा चुकी है। इसके बाद 20 फरवरी 2025 को केंद्र सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी कर दवाओं की बिक्री को लेकर यह प्रतिबंध लागू किया।
सरकार ने साफ किया है कि जानवरों के लिए सभी तरह की निमेसुलाइड पूरी तरह बैन है, जबकि इंसानों के लिए सिर्फ हाई डोज (100mg से अधिक) पर ही रोक लगाई गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से दवाओं के दुष्प्रभावों पर लगाम लगेगी और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।








