अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा! रांची सदर अस्पताल में शुरू होगा बोन मैरो ट्रांसप्लांट
रांची: सदर अस्पताल में अप्रैल से बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू होगी। इससे इलाज का खर्च 20 लाख रुपये से घटकर लगभग 8 लाख रुपये रह जाएगा।
झारखंड के गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। अब थैलेसीमिया, ब्लड कैंसर और एप्लास्टिक एनीमिया जैसी बीमारियों के इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने की मजबूरी खत्म होने वाली है।
राजधानी रांची स्थित सदर अस्पताल में अप्रैल महीने से बोन मैरो ट्रांसप्लांट (BMT) की सुविधा शुरू की जा रही है। अभी तक मरीजों को इस इलाज के लिए कोलकाता, दिल्ली, चेन्नई या मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जहां एक ट्रांसप्लांट पर औसतन 20 लाख रुपये तक का खर्च आता था।
सदर अस्पताल में यह अत्याधुनिक इलाज अब लगभग 8 लाख रुपये में उपलब्ध होगा। सबसे बड़ी राहत आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को मिलेगी। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार के अनुसार, आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रति मरीज 13.5 से 14 लाख रुपये का पैकेज निर्धारित है, जिससे पात्र मरीजों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क होगा।
इसके अलावा, राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत आने वाले मरीजों का भी इलाज मुफ्त होगा। अन्य स्वास्थ्य बीमा कार्डधारी मरीज भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यह पहल न केवल झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी, बल्कि गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।








