President Convoy Video Viral: स्कूटी सवार को लेकर मचा हड़कंप, रांची पुलिस ने सुरक्षा चूक से किया इनकार
रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे के दौरान रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें एक स्कूटी सवार को राष्ट्रपति के काफिले के पीछे चलते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे और कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि स्कूटी सवार काफी दूरी तक काफिले के पीछे चलता रहा। बाद में किशोरगंज चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोक लिया। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल स्थिति स्पष्ट करते हुए सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक से इनकार किया है।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि जिस समय स्कूटी सवार दिखाई दिया, उस वक्त राष्ट्रपति लोक भवन पहुंच चुकी थीं। उनके काफिले के पीछे कुछ प्रशासनिक अधिकारी और एनडीसी से जुड़े वाहन लौट रहे थे। उसी क्रम में एक स्कूटी सवार भी सड़क पर आ गया, जिसे एहतियातन रोक दिया गया।
स्कूटी सवार निकला पुलिस कर्मी
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूटी सवार कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि विशेष शाखा का पदाधिकारी था। वह सूचना संकलन के लिए एयरपोर्ट पर प्रतिनियुक्त था और ड्यूटी समाप्त होने के बाद अन्य अधिकारियों की तरह अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। पुलिस के अनुसार वह किसी भी तरह से राष्ट्रपति, राज्यपाल या मुख्यमंत्री के कारकेड का हिस्सा नहीं था।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
गौरतलब है कि राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर राजधानी में व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान राज्य के 14 आईपीएस अधिकारी, 75 डीएसपी, बड़ी संख्या में इंस्पेक्टर और रांची पुलिस के 1000 से अधिक जवान तैनात किए गए थे। प्रमुख मार्गों, चौराहों और कार्यक्रम स्थलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी।
भ्रम से फैली चर्चा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के कारण लोगों को भ्रम हुआ कि सुरक्षा में चूक हुई है, जबकि वास्तविकता में राष्ट्रपति का कारकेड काफी पहले ही निकल चुका था। पुलिस ने दोहराया कि सभी सुरक्षाकर्मी अपनी ड्यूटी के प्रति पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध थे।








