President Jharkhand Visit: चावला का चीला से देहाती साग तक, राष्ट्रपति के लिए तैयार सात्विक मेन्यु

Share this:

President Jharkhand Visit: चावला का चीला से देहाती साग तक, राष्ट्रपति के लिए तैयार सात्विक मेन्यु

रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड प्रवास के दौरान लोक भवन स्थित प्रेसिडेंट सुइट में ठहरेंगी। उनके आगमन को लेकर न केवल सुरक्षा बल्कि खानपान और दिनचर्या को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं।

राष्ट्रपति सात्विक भोजन ग्रहण करती हैं, इसलिए उनके लिए तैयार किए जाने वाले भोजन में प्याज और लहसुन का बिल्कुल उपयोग नहीं किया जाएगा। उनके पसंदीदा व्यंजनों में ओट्स, पूरी के साथ आलू की सब्जी, चावलों से बना चीला, देहाती साग और सहजन का साग शामिल है।

इसके अलावा सब्जियों और छोले की करी से बना ओडिशा का पारंपरिक व्यंजन दलमा और मिश्रित सब्जी से तैयार संथुला भी उनके मेन्यु का हिस्सा रहेगा। झारखंड प्रवास के दौरान उन्हें स्थानीय व्यंजन धुस्का भी परोसा जाएगा, जिसे वे विशेष रूप से पसंद करती हैं।

राष्ट्रपति के लिए भोजन और नाश्ता तैयार करने की जिम्मेदारी राजधानी के एक बड़े होटल के अनुभवी रसोइये को सौंपी गई है, जो लोक भवन के रसोईघर में ही शुद्ध और पौष्टिक भोजन तैयार करेंगे। खानपान में स्वच्छता और पोषण का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

दिनचर्या की बात करें तो राष्ट्रपति प्रतिदिन टहलना, पूजा-पाठ और योग करती हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए उनका दैनिक कार्यक्रम भी तय किया गया है।

राष्ट्रपति आगमन से पहले हुआ मार्ग अभ्यास

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर शनिवार को हवाई अड्डे से लोक भवन तक सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए मार्ग अभ्यास किया गया। यह अभ्यास हवाई अड्डे से एचईसी गेट, हरमू बाइपास रोड, किशोरगंज और रातू रोड होते हुए लोक भवन तक किया गया।

इस दौरान राष्ट्रपति के काफिले में शामिल वाहनों को चलाया गया, जिनमें अग्रणी वाहन, एंबुलेंस, यातायात पुलिस तथा सुरक्षा बल शामिल थे। शहर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में यह अभ्यास शाम छह बजे शुरू होकर साढ़े छह बजे लोक भवन के पास संपन्न हुआ।

हालांकि मार्ग अभ्यास के दौरान सड़क बंद किए जाने से शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि यदि पहले से सूचना दी जाती तो वे वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकते थे।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score