Ranchi Cold Wave Update 2026: नववर्ष के पहले दिन भी ठंड का कहर, कांके–मैक्लुस्कीगंज में पाला, कई जिलों में Yellow Alert
रांची: नववर्ष 2026 के पहले दिन भी राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में ठंड का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। Ranchi Cold Wave Update 2026 के अनुसार मैक्लुस्कीगंज और कांके क्षेत्र में लगातार शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जहां खेत-खलिहानों में पाले की जमी परत साफ देखी जा रही है। ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
राजधानी रांची के शहरी इलाकों में शीतलहर के कारण लोगों की आवाजाही में भारी कमी आई है। शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा, हालांकि कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखने को मिला।
राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ-साथ मध्य भाग के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रही। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस जगरनाथपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस कांके का रिकॉर्ड हुआ। गुमला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री और रांची में अधिकतम 24.2 डिग्री व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची और आसपास के क्षेत्रों में सर्द हवाओं और आंशिक कोहरे के कारण अचानक ठंड बढ़ गई है। सुबह से ही हल्का कोहरा छाया रहता है। लगातार बढ़ती ठंड से गरीब और असहाय लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। लोग शाम होते ही घरों का रुख कर रहे हैं और चौक-चौराहों पर अलाव जलते नजर आ रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 1 जनवरी को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों—देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज—के साथ-साथ दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा। इन जिलों के लिए Yellow Alert जारी किया गया है और शीतलहर की संभावना बनी रहेगी।
31 दिसंबर 2025 को अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश नहीं होने के बावजूद 4.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया। अहले सुबह खेतों, सूखी फसलों और घास पर जमी ओस पाले में तब्दील हो गई, जिससे ग्रामीण इलाकों में सफेद चादर जैसा दृश्य दिखा। पाले के कारण सब्जी और दलहन फसलों को नुकसान की आशंका से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कोहरे के बीच नववर्ष का जश्न
ठंड और कोहरे के बावजूद नववर्ष 2026 के स्वागत के लिए राजधानी रांची पूरी तरह तैयार है। शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों पर उत्साह का माहौल है। सर्द मौसम, हरियाली और झरनों की खूबसूरती के बीच रांची इस समय किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लग रही है।








