गढ़वा: कुएं में युवक का शव मिलने से फैली सनसनी, पहचान होते ही गांव में पसरा मातम
गढ़वा: बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत जतरो बंजारी गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मथुरा मोड़ के समीप स्थित एक कुएं में युवक का शव मिलने की सूचना फैली। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बरडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव को बाहर निकलवाया। शव काफी दिनों पुराना होने के कारण पूरी तरह फूल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
जांच के दौरान मृतक की जेब से मिले एक प्लांट के आई-कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सेमरी गांव निवासी खुशदिल यादव के पुत्र संतोष यादव के रूप में की गई।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार संतोष यादव दूसरे राज्य में किसी निजी प्लांट में कार्यरत था। वर्तमान में उसकी पत्नी एवं एक नाबालिग बच्चा पलामू जिले के ऊंटरी रोड थाना क्षेत्र स्थित सीढ़ा गांव (ससुराल) में रह रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि संतोष यादव काम से लौटने के बाद सीधे अपने ससुराल पहुंचा होगा, जहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा। इसके बाद वह गुस्से में अकेले ही घर के लिए निकल पड़ा होगा।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि रास्ते में शराब के नशे की हालत में पैदल लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया होगा। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।
इस संबंध में बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया है। परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







