US Military Action: अमेरिका का वेनेजुएला पर बड़ा हमला, राष्ट्रपति मादुरो गिरफ्तार
एजेंसी वाशिंगटन: अमेरिका ने शुक्रवार देर रात वेनेजुएला पर बड़ा सैन्य हमला करते हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मादुरो दंपती को अमेरिकी युद्धपोत USS Iwo Jima पर रखा गया है और आपराधिक मुकदमों के लिए उन्हें न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है।
ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर पर हमला हुआ, जिसमें कुछ सैनिक घायल हुए, हालांकि सभी सुरक्षित हैं। मादुरो को राजधानी काराकस स्थित फोर्ट टियूना सैन्य अड्डे से अमेरिकी डेल्टा फोर्स ने हिरासत में लिया। हमले के बाद राजधानी में अफरा-तफरी का माहौल है और कई इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
अमेरिकी न्याय विभाग ने मादुरो और उनकी पत्नी के खिलाफ नया इंडिक्टमेंट दायर किया है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने कहा कि दोनों को अमेरिका की अदालत में न्याय का सामना करना होगा। उन पर Narcoterrorism, कोकीन तस्करी और सत्ता के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने इस कार्रवाई को युद्ध बताते हुए कहा कि वेनेजुएला का अगला शासक कौन होगा, यह अमेरिका तय करेगा और मादुरो की नीतियों को आगे बढ़ाने का कोई जोखिम नहीं लिया जाएगा। यह सैन्य अभियान करीब 30 मिनट में पूरा किया गया, जिसकी निगरानी ट्रंप खुद कर रहे थे।
इस कार्रवाई की तुलना 1990 में हुए पनामा ऑपरेशन से की जा रही है। हालांकि, अमेरिका के भीतर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ सांसदों ने बिना कांग्रेस की अनुमति इस हमले पर आपत्ति जताई है।
भारत पर असर की बात करें तो विशेषज्ञों का कहना है कि इस हमले से भारत की तेल आपूर्ति पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि भारत ने अपनी ऊर्जा जरूरतों का डायवर्सिफिकेशन कर लिया है। हालांकि, वेनेजुएला में ओएनजीसी के निवेश और फंसे लाभांश को लेकर अनिश्चितता जरूर बढ़ गई है।








