गढ़वा/पलामू: झारखंड के गढ़वा, पलामू, गुमला,बोकारो समेत कई जिलों में मंईयां सम्मान योजना के तहत ₹5000 की राशि लाभुकों के खाते में पहुंचनी शुरू हो गई है। गढ़वा में मंगलवार सुबह से ही लाभुकों के बैंक खातों में दो महीने (जनवरी–फरवरी) की राशि ट्रांसफर होने लगी।
हालांकि कुछ जिलों में अभी तक भुगतान नहीं हो सका है। विभागीय सूत्रों के अनुसार कई जगह सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हुई। संबंधित जिलों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली थी, लेकिन तकनीकी अड़चन की वजह से राशि ट्रांसफर नहीं हो पाई।

अब होली के बाद जैसे ही सरकारी कार्यालय खुलेंगे, भुगतान प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस सप्ताह के अंत तक यानी शनिवार तक लंबित लाभुकों के खाते में जनवरी और फरवरी की राशि भेज दी जाएगी।
विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित राशि अवश्य मिलेगी और तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया गया है।






