रमकंडा के एक परीक्षा केंद्र पर 406 परीक्षार्थी देंगे मैट्रिक परीक्षा, 3 फरवरी से होगी शुरुआत
रमकंडा:
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा को लेकर रमकंडा प्रखंड में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष रमकंडा प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय में एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 406 परीक्षार्थी मैट्रिक परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की शुरुआत 3 फरवरी से होगी।
प्रखंड स्तर पर बनाए गए इस परीक्षा केंद्र पर परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए केंद्राधीक्षक हर्ष ज्योति शुक्ला ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सहायक केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी, ताकि अनावश्यक भीड़ और बाहरी तत्वों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके। परीक्षार्थियों के लिए मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र परिसर में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सभी परीक्षा कक्षों में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा उड़नदस्तों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा भी लगातार निरीक्षण किया जाएगा, ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और अनुशासित तरीके से संपन्न हो सके।
प्रखंड प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, अपना एडमिट कार्ड साथ रखें और जैक द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वहीं अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे परीक्षा केंद्र परिसर में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और प्रशासन का सहयोग करें।








