Breaking News

गढ़वा में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन, युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

Share this:

गढ़वा में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन, युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

गढ़वा जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बड़गड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्ही पिकेट एवं झालूडेरा (बुढ़ापहाड़) पिकेट में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक, पलामू प्रक्षेत्र शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में संलग्न करना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा पुलिस की मित्रवत छवि को सुदृढ़ करना रहा। इस अवसर पर कुल्ही पिकेट में स्थानीय युवा खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया, जबकि बुढ़ापहाड़ क्षेत्र में बच्चों को शिक्षण सामग्री प्रदान की गई।

मौके पर पुलिस महानिरीक्षक ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने नक्सलियों द्वारा की जा रही हिंसक गतिविधियों पर रोक, नक्सल संगठनों के भौगोलिक संकुचन, सुरक्षा बलों की मजबूत पैठ, सरेंडर नीति, एयर ऑपरेशन एवं विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा की। इसके उपरांत उन्होंने बहेरा टोली और पुनदाग स्थित सीआरपीएफ कैंप का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।

इस अवसर पर पुलिस उप-महानिरीक्षक, पलामू क्षेत्र किशोर कौशल, पुलिस अधीक्षक, गढ़वा अमन कुमार, सीआरपीएफ 172 बटालियन के कमांडेंट एवं द्वितीय कमान अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) गढ़वा राहुल देव बड़ाइक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी भंडरिया सुभाष कुमार पासवान, थाना प्रभारी बड़गड़ दीपक कुमार मौर्य सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक, गढ़वा ने उपस्थित बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गढ़वा पुलिस युवाओं को आपराधिक गतिविधियों से दूर रखने तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के लिए ऐसे सामुदायिक कार्यक्रमों को निरंतर प्राथमिकता देती रहेगी।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score