गढ़वा: विवाद सुलझाने गए उपमुखिया पर जानलेवा हमला, रंका थाने में शिकायत
Ranka:गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में विवाद सुलझाने गए उपमुखिया (वित्तीय प्रभार) रंजीत सोनी पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल उपमुखिया को इलाज के लिए रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में रंजीत सोनी ने बताया कि उनकी पुत्री ने फोन कर सूचना दी थी कि घर के पास कुछ लोग शिवम सोनी को घेरकर मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वे बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि इसी दौरान बसंत सोनी एवं प्रेम सोनी के पुत्र अमूल सोनी, सूरज सोनी, दीपक सोनी सहित लगभग 12 लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
लाठी-डंडों से मारपीट में घायल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया इलाज
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्हें होश आया। चिकित्सक डॉ. मोहम्मद इश्तियाक ने बताया कि उपमुखिया के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही उपमुखिया के समर्थक बड़ी संख्या में रंका थाना पहुंचे और थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा न्याय की मांग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।






