Fake Sadhus Exposed: गढ़वा में आस्था की आड़ में ठगी करने वाला साधु वेषधारी गिरोह गिरफ्तार
गढ़वा: गढ़वा जिले में आस्था के नाम पर ठगी और चोरी करने वाले साधु वेषधारी गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गढ़वा थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव में नामधारी कॉलेज के समीप हुई सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपित बिहार के दरभंगा जिले के निवासी हैं। ये लोग साधु का वेष धारण कर ग्रामीण इलाकों में लोगों की धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाते थे।
घटना दो जनवरी की है, जब तीन-चार साधु वेषधारी आरोपित छतरपुर गांव निवासी रीना देवी के घर पहुंचे। पानी मांगने के बहाने घर में प्रवेश कर उन्होंने पारिवारिक परेशानियों का हवाला देते हुए कथित धार्मिक उपाय बताने के नाम पर रुपये मांगे।
शाम के समय आरोपित दोबारा घर पहुंचे, जब घर में केवल महिला की बेटी मौजूद थी। आरोप है कि आरोपितों ने किसी पदार्थ को सुंघाकर लड़की को बेहोश कर दिया और इसके बाद घर में रखे बक्से को तोड़कर नकदी व कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर सभी पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं








