गढ़वा में वित्त मंत्री का बूढ़ा पहाड़ दौरा: सुरक्षा का जायजा, जवानों का बढ़ाया हौसला, विकास तेज करने के निर्देश
गढ़वा:झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने जिले के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र बूढ़ा पहाड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और वहां तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया।
दौरे के क्रम में मंत्री ने कुल्ही पिकेट प्रभारी प्रदीप सिंह एवं बूढ़ा पहाड़ पिकेट प्रभारी वीरेंद्र पासवान के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें क्रमशः ₹5000 एवं ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि अपने निजी स्तर से प्रदान की।

मंत्री ने बडगड के टेहरी पंचायत के मुखिया बिनको टोप्पो के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान 11 गांवों की स्थिति और वहां चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि करीब 21 वर्ष पहले वे कुल्ही आए थे और तभी से उनका सपना बूढ़ा पहाड़ आने का था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निर्देश पर उन्होंने इस क्षेत्र का दौरा कर जमीनी हकीकत को समझने का प्रयास किया है।
उन्होंने बीडीओ अमित कुमार एवं सीओ राकेश भूषण सिंह को निर्देश दिया कि क्षेत्र में संचालित योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। मंत्री ने विश्वास जताया कि एक वर्ष के भीतर इस क्षेत्र की तस्वीर बदल दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों से नक्सल प्रभावित रहा बूढ़ा पहाड़ अब काफी हद तक उग्रवाद से मुक्त हो चुका है, हालांकि पूरी तरह समाप्ति के लिए प्रयास जारी हैं।
महिला सशक्तिकरण को लेकर उन्होंने ‘मईया सम्मान योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड महिलाओं के लिए विशेष योजना चलाने वाला अग्रणी राज्य है और शेष पात्र महिलाओं को भी जल्द लाभ दिया जाएगा।
दौरे के दौरान परसवार से बूढ़ा पहाड़ तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर अभियान एसपी राहुल बाराइक, रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, बरगढ़ थाना प्रभारी दीपक मौर्य, भंडरिया थाना प्रभारी दिलीप रंजन सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे





