Firing Incident: रामगढ़ में बालू कारोबारी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले से इस वक्त एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। कुज्जू ओपी क्षेत्र अंतर्गत सीसीएल क्षेत्रीय चिकित्सालय कार्यालय के पास स्थित नया मोड़ इलाके में बालू कारोबारी डब्बू सिंह उर्फ सागर सिंह के आवास पर अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार दो अपराधी मौके पर पहुंचे और करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के दौरान घर की खिड़कियों, गेट और वहां खड़ी गाड़ियों में गोलियों के निशान साफ तौर पर देखे गए हैं। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे अपने-अपने घरों में दुबक गए।
सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद मौके से राहुल दुबे गैंग के नाम का एक लेवी पर्चा बरामद होने की भी सूचना है, जिससे इस फायरिंग को रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस वारदात में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है और कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। मामला रामगढ़ जिले के कुज्जू ओपी क्षेत्र का है।








