Flight Delay Ranchi: कुहासे के कारण 17 उड़ानें लेट, एक फ्लाइट रद्द
रांची: राजधानी रांची में कुहासे का असर शनिवार को भी हवाई सेवाओं पर साफ दिखाई दिया। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से विभिन्न शहरों के लिए उड़ान भरने वाली 17 उड़ानें विलंब से रवाना हुईं, जबकि रांची–कोलकाता की एक उड़ान रद्द कर दी गई।
सबसे अधिक प्रभावित उड़ानें दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद रूट की रहीं। सुबह से ही कम दृश्यता के कारण विमानों का आगमन समय पर नहीं हो सका, जिससे पूरे दिन उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा।
हवाई अड्डा सूत्रों के अनुसार रांची–कोलकाता की उड़ान सुबह 7:30 बजे के स्थान पर 10:13 बजे रवाना हुई, वहीं रांची–बेंगलुरु की उड़ान सुबह 8:55 बजे की जगह 11:41 बजे उड़ सकी। रांची–दिल्ली की कई उड़ानें एक से दो घंटे तक विलंब से संचालित हुईं। रांची–हैदराबाद, मुंबई, चेन्नई, पटना और अहमदाबाद जाने वाली उड़ानों में भी यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
एयरलाइंस अधिकारियों ने बताया कि कुहासा और हवाई यातायात दबाव के कारण विमानों का आगमन देर से हुआ। इसी वजह से दिनभर उड़ानों का समय प्रभावित रहा। यात्रियों को हवाई अड्डे पर काफी देर तक प्रतीक्षा करनी पड़ी।
प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइंस से अवश्य प्राप्त कर लें।








