पूर्व मंत्री को पलामू में परशुराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा व महायज्ञ का निमंत्रण, 2 से 8 फरवरी तक होगा भव्य आयोजन
गढ़वा: राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के प्रतिनिधिमंडल ने गढ़वा स्थित आवास पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पलामू के रेड़मा में भगवान श्री परशुराम जी की प्राण-प्रतिष्ठा, 12 कुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं श्री शिवमहापुराण कथा के भव्य और दिव्य आयोजन का औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा।
प्रतिनिधियों ने बताया कि यह पावन धार्मिक आयोजन 2 फरवरी से 8 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ, शिवमहापुराण कथा एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से संपूर्ण क्षेत्र में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होगा। यह आयोजन सनातन संस्कृति और धार्मिक चेतना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सराहना की और इसके सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान समाज को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने के साथ-साथ आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








