Garhwa: पति की मौत का सदमा बना काल, मां ने डेढ़ साल की बेटी संग खाया ज़हर, दोनों की हालत गंभीर

Share this:

Garhwa: पति की मौत का सदमा बना काल, मां ने डेढ़ साल की बेटी संग खाया ज़हर, दोनों की हालत गंभीर

गढ़वा: जिले के रंका थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति की असामयिक मौत के सदमे में एक महिला ने अपनी डेढ़ वर्ष की मासूम बेटी के साथ आत्महत्या का प्रयास किया। घटना में मां-बेटी दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

मामला रंका थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव स्थित बरवाहा टोला का है। जानकारी के अनुसार विलुप्तप्राय कोरवा जनजाति से जुड़ी पुष्पा देवी, पति स्वर्गीय लालदेव कोरवा की मौत के बाद गहरे मानसिक आघात में थी। लालदेव कोरवा मजदूरी के लिए मुंबई गए थे, जहां कुछ दिन पूर्व उनकी मौत हो गई थी।

परिजनों के अनुसार पति की मौत की खबर के बाद से पुष्पा देवी लगातार तनाव और अवसाद में थी। इसी मानसिक पीड़ा के चलते सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पुष्पा देवी ने पहले घर में रखे कीटनाशक को अपनी डेढ़ वर्षीय पुत्री करिश्मा कुमारी को पिला दिया और इसके बाद स्वयं भी वही ज़हर खा लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मां-बेटी को गंभीर हालत में रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया, जहां से उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया है।

घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score