गढ़वा: गढ़वा–रेहला मार्ग पर हाईवा की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के चार युवकों की दर्दनाक मौत, सगाई की खुशियां बनीं मौत का सफर
गढ़वा: गढ़वा–रेहला मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अज्ञात हाईवा की जोरदार टक्कर से स्कार्पियो सवार एक ही परिवार के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलचंपा गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई और चारों युवक वाहन में ही फंस गए।
हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतकों के गांवों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और कटर मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। 
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक आपस में करीबी रिश्तेदार थे—
नरेंद्र कुमार पासवान (30 वर्ष), पिता लखन पासवान, निवासी लवर पांडु, थाना पांडु, जिला पलामू
जितेंद्र पासवान (28 वर्ष), पिता शंभु पासवान, निवासी लवर पांडु, जिला पलामू
बादल पासवान (20 वर्ष), पिता मनोज पासवान, निवासी भंडार गांव, थाना विश्रामपुर
बिक्की कुमार (18 वर्ष), पिता अशोक पासवान, निवासी भंडार गांव
सगाई की खुशियां बनीं मौत का सफर
जानकारी के अनुसार चारों युवक स्कार्पियो से श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव गए थे, जहां जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई का कार्यक्रम था। सगाई की खुशियां लेकर लौट रहे युवकों को क्या पता था कि यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी।
देर रात घर लौटने के दौरान बेलचंपा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने सामने से स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पोस्टमार्टम और परिजनों का करुण क्रंदन
चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया। जैसे ही हादसे की खबर स्वजनों को मिली, अस्पताल में चीत्कार और बिलाप गूंज उठा। जवान बेटों की लाशें देखकर परिजनों का कलेजा फट गया और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि गढ़वा–रेहला मार्ग पर रात के समय हाईवा और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार आम हो गई है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसका खामियाजा लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि अज्ञात हाईवा की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि फरार चालक तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








