Garhwa Murder Case: बड़गड़ के गड़ीया गांव में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या, इलाके में दहशत

Share this:

Garhwa Murder Case: बड़गड़ के गड़ीया गांव में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या, इलाके में दहशत

बड़गड़ (गढ़वा) थाना क्षेत्र के गड़ीया गांव में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी चंद्रिका राम (65 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना की सूचना मिलते ही शनिवार को बड़गड़ थाना के एएसआई दिनेश मांझी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक के बड़े पुत्र नागेंद्र कुमार रवि ने बताया कि उसके पिता शुक्रवार की रात घर में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।

परिजनों के अनुसार, मृतक का मंझला पुत्र उसी घर में रहता था, लेकिन अपने बच्चे के इलाज के लिए वह गुरुवार को बाहर चला गया था। शनिवार सुबह करीब दस बजे जब वह पिता को देखने पहुंचा, तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी घटनास्थल पर ही पड़ी हुई थी, जबकि दीवारों पर खून के छींटे लगे हुए थे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक पहले ओझा-गुनी का काम भी करता था, हालांकि हाल के दिनों में उसने यह काम छोड़ दिया था।

हत्या की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर जमा हो गए। फिलहाल बड़गड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात हत्यारों की तलाश की जा रही है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score