गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: ट्रक–कार की आमने-सामने टक्कर, साला-बहनोई की मौत
अमित कुमार गिरिडीह: गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरो–तीसरी मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घासीडीह के पास तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में साला-बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के पतरवा गांव निवासी मनीष साहू और उनके साले के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार मनीष साहू अपने साले और एक अन्य युवक के साथ कार से चतरो बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रहे ट्रक से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि मनीष साहू और उनके साले कार की आगे वाली सीट पर बैठे थे, जिस कारण दोनों वाहन में बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं पीछे बैठे युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है








