IPL Controversy: KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को किया रिलीज, BCCI के निर्देश पर बड़ा फैसला
गुवाहाटी: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया है। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के स्पष्ट निर्देश के बाद लिया गया है।
बीसीसीआई ने भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव और हालिया राजनयिक घटनाक्रमों को देखते हुए यह कदम उठाने को कहा था। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि करते हुए कहा कि “हाल की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया गया।”
केकेआर फ्रेंचाइजी ने भी आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उसने बीसीसीआई के नियामक निर्देशों और उचित परामर्श के बाद यह निर्णय लिया है। साथ ही बोर्ड ने फ्रेंचाइजी को मुस्तफिजुर की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करने की अनुमति भी दे दी है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित हमलों को लेकर भारत में व्यापक नाराजगी है, जिसका असर अब क्रिकेट संबंधों पर भी साफ नजर आने लगा है।
9.20 करोड़ की खरीद पर उठे थे सवाल
पिछले महीने हुई आईपीएल नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि उनका बेस प्राइस केवल 2 करोड़ रुपये था। मौजूदा राजनीतिक हालात के बीच बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने को लेकर केकेआर के सह-मालिक शाहरुख खान को सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा था।








