गढ़वा जनसुनवाई में उठे भ्रष्टाचार व योजनाओं में गड़बड़ी के मुद्दे, उपायुक्त ने जांच के दिए निर्देश
गढ़वा:जिले के समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में शुकवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, अतिक्रमण, रोजगार सृजन एवं बकाया मजदूरी भुगतान जैसे विभिन्न मामलों को लेकर लोगों ने अपनी-अपनी शिकायतें रखीं। उपायुक्त ने सभी मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान धुरकी प्रखंड के धोबनी निवासी योगेंद्र प्रसाद यादव ने पंचायत समिति की योजनाओं में बिना कार्य कराए राशि की अवैध निकासी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि चबूतरा एवं गार्डवॉल जैसे कार्य बिना निर्माण के ही भुगतान कर लिया गया है। उपायुक्त ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया।

वहीं उत्क्रमित उर्दू उच्च विद्यालय गुरदी के शिक्षक उमेश राम ने स्थानांतरण के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वे 95 प्रतिशत दिव्यांग हैं और वर्तमान विद्यालय तक पहुंचना उनके लिए अत्यंत कठिन है। उन्होंने सुविधानुकूल विद्यालय में स्थानांतरण की मांग की।
मंझिआंव प्रखंड के दलको गांव की अनीता देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास निर्माण में परिजनों द्वारा बाधा उत्पन्न करने की शिकायत की। उन्होंने प्रशासन से सहयोग की मांग की ताकि उनका आवास निर्माण पूरा हो सके।
रंका प्रखंड के तमगे खुर्द की रंजू देवी ने प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि अयोग्य व्यक्तियों द्वारा योजना का लाभ लिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान अन्य फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त दिनेश यादव ने सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने एवं शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।




