Jharkhand Police Transfer 2025: झारखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 IPS प्रमोट, 18 अधिकारियों की नई Posting
रांची: झारखंड पुलिस प्रशासन में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। Jharkhand Police Transfer 2025 के तहत राज्य सरकार ने 6 आईपीएस अधिकारियों को प्रोन्नति देते हुए कुल 18 आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। इससे संबंधित अधिसूचना बुधवार देर रात जारी की गई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार मनोज कौशिक को एडीजी रैंक में प्रोन्नति देकर सीआईडी एडीजी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें रांची जोन के आईजी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं अजय लिंडा को आईजी रैंक में प्रोन्नति देकर सीआईडी आईजी की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य वरिष्ठ पदस्थापनाओं में नौशाद आलम को स्पेशल ब्रांच डीआईजी, किशोर कौशल को पलामू डीआईजी और अंजनी झा को हजारीबाग डीआईजी बनाया गया है। इसके अलावा मो. अर्शी को होमगार्ड डीआईजी तथा आनंद प्रकाश को बोकारो डीआईजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसपी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। श्रीकांत सुरेश राव खोतरे को सिमडेगा का एसपी बनाया गया है। कैलाश करमाली को होमगार्ड एसपी, शिवम प्रकाश को राज्यपाल का परिसहाय, जबकि निखिल राय और श्रुति को एसीबी में एएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है।
झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) में भी बदलाव किए गए हैं। अभिनाश कुमार को जैप-7, दीपक कुमार को जैप-5 और मजरूल होदा को जैप-8 का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। वहीं राजेश कुमार को झारखंड जगुआर एसपी, रोशन गुड़िया को सीआईडी एसपी और श्रीराम समद को एसीबी एसपी बनाया गया है।
सरकार का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से राज्य में पुलिसिंग व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और मजबूती मिलेगी तथा कानून-व्यवस्था को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा।








