गढ़वा में नगर निकाय मतगणना की तैयारी पूरी, दोपहर दो बजे तक परिणाम की संभावना
गढ़वा:(नितेश तिवारी) जिले में नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद अब सबकी निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हुयी है. 27 फरवरी शुक्रवार को गढ़वा नगर परिषद, मझिआंव एवं श्रीबंशीधरनगर नगर पंचायत में पड़े अध्यक्ष व वार्ड सदस्य पद के मतों की गिनती होगी. मतों की गिनती कृषि उत्पादन बाजार समिति गढ़वा स्थित बजगृह के पास की जायेगी. इसके लिये प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही है. गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के लिये 14 टेबल बनाये गये हैं. यहां 42 बूथ हैं. इस प्रकार से मात्र तीन राउंड में ही पूरा चुनाव परिणाम आ जायेगा. प्रशासनिक तैयारी है कि अपराहण करीब दो बजे तक पूरा परिणाम घोषित कर दिया जाये और निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच प्रमाणपत्र का वितरण कर दिया जाये. इसी प्रकार श्रीबंशीधरनगर नगर पंचायत में मतों की गिनती के लिये 10 टेबल बनाये गये हैं. इस प्रकार से यहां भी तीन राउंड मतों की गिनती चलेगी. जबकि मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में प्राप्त मतों की गिनती के लिये नौ टेबल बनाये गये हैं. तीनो नगर निकाय क्षेत्रों में मतों की गिनती साथ-साथ चलेगी. इसके लिये बाजार समिति प्रांगण में अलग-अलग व्यवस्थायें की गयी है.मतों की गितनी के लिये 126 कर्मी लगाये गये
मतों की गिनती के लिये 10 प्रतिशत रिजर्व सहित कुल 126 मतगणना कर्मियों को लगाया जा रहा है. इन कर्मियों को सुबह के छह बजे बाजार समिति में रिपोर्ट करने के लिये कहा गया है. वहीं सात बजे सभी का रेंडमाईजेशन किया जायेगा. रेंडमाईजेशन के हिसाब से तय टेबल पर संबंधित मतगणनाकर्मियों को रिपोर्ट करना होगा. इसके बाद सुबह आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू किया जायेगा. बताया जाता है कि पहले राउंड की मतगणना शुरू होने में दो घंटे का समय लग सकता है. इसके बाद दूसरे व तीसरे राउंड की मतगणना में अपेक्षाकृत कम समय लगेगा.
काउंटिंग एजेंट का पास किया जायेगा निर्गत
अध्यक्ष व वार्ड सदस्य पद के लिये जो प्रत्याशी अपना काउंटिंग एजेंट रखना चाहते हैं, उन्हें इसके लिये पास बनवाना पड़ेगा. अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रत्येक टेबल के हिसाब से एक-एक काउंटिंग एजेंट रख सकते हैं. इस प्रकार से गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के अध्यक्ष प्रत्याशी कुल 14 टेबल पर एक-एक यानि अधिकत्तम 14 काउंटिंग एजेंट रख सकते हैं. श्रीबंशीधर नगर के लिये 10 टेबल के लिये 10 तथा मझिआंव नगर पंचायत के लिये नौ टेबल के लिये नौ काउंटिंग एजेंट रखे जा सकते हैं. वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशी अधिकत्तम दो काउंटिंग एजेंट रख सकते हैं.
एक नंबर से 14 नंबर तक के बूथों की पहले राउंड में होगी गिनती
तीनो नगर निकाय क्षेत्र में पड़े मतों की गिनती बूथ नंबर एक से शुरू होगी. गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में डॉ यासीन मिल्लत इंटर कॉलेज उंचरी (पूर्वी भाग) से लेकर रामासाहू विद्यालय (पश्चिमी भाग) में पड़े मतों की गिनती पहले राउंड में होगी. इस प्रकार से गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के लिये एक बार में सात विजयी वार्ड सदस्य प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जायेगी. इसके बाद उसी हिसाब से आगे भी मतों की गिनती की जायेगी.
50-50 मतों का बंडल बनाया जायेगा.मतों की गिनती के समय जब मतपेटिका खोली जायेगी, तब सभी मतपत्रों को निकालकर उनका 50-50 का बंडल बनाया जायेगा, इसके बाद मतों की गिनती की जायेगी.







