रमकंडा–भंडरिया मार्ग पर अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर से आदिम जनजाति युवक की मौत
गढ़वा: रमकंडा–भंडरिया मुख्य मार्ग पर सिंजो मोड़ के पास अवैध बालू ढुलाई में लगे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से आदिम जनजाति के युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान भंडरिया थाना क्षेत्र के सिंजो गांव निवासी अमरेश कोरवा के रूप में की गई है।
घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कनहर नदी से अवैध रूप से बालू लादकर एक ट्रैक्टर रमकंडा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान बिराजपुर के मुड़टांगवा बाजार से पैदल लौट रहे अमरेश कोरवा को ट्रैक्टर ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी।
हादसे में अमरेश कोरवा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर रमकंडा और भंडरिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
हालांकि आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क से उठाने से रोक दिया है।
ग्रामीण अवैध बालू ढुलाई पर रोक लगाने और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
फिलहाल शव सड़क किनारे पड़ा हुआ है और पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है।








