विशुनपुरा में दिनदहाड़े लूट, एक माह में दूसरी बड़ी वारदात से दहशत

Share this:

विशुनपुरा में दिनदहाड़े लूट, एक माह में दूसरी बड़ी वारदात से दहशत

गढ़वा : विशुनपुरा प्रखंड मुख्यालय विशुनपुरा में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार की शाम लाल चौक के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर अपराधी मौके से फरार हो गए। इस घटना से जहां आम लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय प्रशासन की सक्रियता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुक्तभोगी विशुनपुरा निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि वह मंगलवार की शाम देहात से लौटकर लाल चौक स्थित मनीष पासवान की दुकान के सामने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात लुटेरे मोटरसाइकिल पर रखा सोना-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से घटी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।

अमित गुप्ता के अनुसार, बैग में करीब 9 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी तथा 6 हजार रुपये नकद रखा हुआ था। लूट के बाद उन्होंने कुछ दूरी तक अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक पर सवार लुटेरे भागने में सफल रहे।

भुक्तभोगी ने यह भी बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व उनकी मोटरसाइकिल की चोरी भी हो चुकी है, जिसकी शिकायत विशुनपुरा थाना में दर्ज कराई गई थी। बावजूद इसके आज तक न तो चोरी का खुलासा हो पाया और न ही वाहन का कोई सुराग मिल सका है।

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते एक माह के भीतर सोना-चांदी से जुड़ी यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले अपर बाजार स्थित शुभलक्ष्मी वस्त्रालय सह ज्वेलर्स में करीब 40 लाख रुपये की चोरी हुई थी, जिसका भी अब तक पुलिस कोई ठोस खुलासा नहीं कर पाई है।

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। व्यापारी वर्ग खासा सहमा हुआ है और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जता रहा है। चौक-चौराहों पर दिनभर लूट की घटना की चर्चा होती रही।

स्थानीय लोगों और व्यवसायियों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस गश्ती बढ़ाई जाती और पूर्व की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन किया जाता, तो शायद अपराधियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ढीली कार्यप्रणाली के कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score