Breaking News

गढ़वा: जन शक्ति सहायता कोष के बैनर तले बिराजपुर–बलीगढ़ में सामाजिक-शैक्षणिक कार्यक्रम, जनप्रतिनिधि व छात्र हुए सम्मानित

Share this:

गढ़वा: जन शक्ति सहायता कोष के बैनर तले बिराजपुर–बलीगढ़ में सामाजिक-शैक्षणिक कार्यक्रम, जनप्रतिनिधि व छात्र हुए सम्मानित

रमकंडा: गढ़वा जिले के रमकंडा प्रखंड अंतर्गत पंचायत बिराजपुर एवं बलीगढ़ में जन शक्ति सहायता कोष के तत्वावधान में एक संयुक्त सामाजिक-शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों पंचायतों के माननीय मुखिया, उपमुखिया, वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान दोनों पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला। आयोजन में जनप्रतिनिधियों को डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि विद्यार्थियों को शैक्षणिक फाइल प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया, ताकि उनके शैक्षणिक विकास को मजबूती मिल सके।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जन शक्ति सहायता कोष को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी नई दिशा देते हैं।

उल्लेखनीय है कि बिराजपुर-बलीगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण साहूकारों द्वारा अत्यधिक ब्याज और प्रताड़ना से परेशान होकर जन शक्ति सहायता कोष नामक समूह से जुड़े हैं। अब ग्रामीण इसी समूह के माध्यम से आवश्यकता के अनुसार बिना ब्याज ऋण ले रहे हैं। समूह में केवल गांव के निवासी ही सदस्य बन सकते हैं और प्रत्येक सदस्य से 500 रुपये मासिक योगदान का नियम तय किया गया है।

योजना के तहत ग्रामीणों के आवेदन और जरूरत का आकलन कर सहायता दी जाती है। अब तक समूह के कोष में करीब दो लाख रुपये जमा किए जा चुके हैं, वहीं आधा दर्जन से अधिक जरूरतमंदों को 25 हजार रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। गांव में इस पहल को लेकर लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीण एकजुटता और सामूहिक सहयोग की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score