पलामू के छतरपुर में दामाद का तांडव, ससुर की चाकू मारकर हत्या, पत्नी और साली गंभीर

Share this:

पलामू के छतरपुर में दामाद का तांडव, ससुर की चाकू मारकर हत्या, पत्नी और साली गंभीर

पलामू:जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक दामाद ने अपने ही ससुराल में चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी की पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं।यह घटना छतरपुर थाना क्षेत्र के लठैया पंचायत अंतर्गत गम्हरिया गांव की है। मृतक की पहचान गांव निवासी सुनील यादव के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद लवकुश यादव फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पत्नी को साथ ले जाने को लेकर हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोबा बरेवा गांव निवासी लवकुश यादव गुरुवार को दिल्ली से काम कर ट्रेन से जपला रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां से वह सीधे अपनी ससुराल गम्हरिया गांव आया और पत्नी रीता देवी (23) को अपने साथ ले जाने का दबाव बनाने लगा। पत्नी के इनकार करने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।

बीच-बचाव करने आए ससुर की हत्या

आरोप है कि गुस्से में आकर लवकुश यादव ने चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर सुनील यादव पर भी आरोपी ने पेट में चाकू मार दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान साली कविता कुमारी ने भी पिता और बहन को बचाने की कोशिश की, जिस पर आरोपी ने उसे भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

गढ़वा: अवैध बालू ढुलाई से आदिम जनजाति युवक की मौत, लिखित आश्वासन के बाद आधी रात खत्म हुआ धरना

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची। घायल रीता देवी और कविता कुमारी को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

तीन साल पहले हुई थी शादी

बताया जा रहा है कि लवकुश यादव और रीता देवी की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के संबंध खराब चल रहे थे। लवकुश यादव दूसरे राज्य में काम करता था, जबकि रीता देवी अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ मायके में रह रही थी।

पुलिस कर रही छापेमारी

छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

VIDEO: पलामू में सनकी दामाद ने ससुर की कर दी ह*त्या, पत्नी और साली को चा*कू से किया………..

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score