गिरिडीह में एसपी की सख्ती: जेल से रिहा अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, महिला अपराध के मामलों पर होगी कारवाई
अमित कुमार गिरिडीह: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को गिरिडीह समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने की।
इस अपराध गोष्ठी में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना, ओपी एवं शाखा प्रभारी शामिल हुए। बैठक के दौरान विगत माह दर्ज कांडों की विस्तार से समीक्षा की गई और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने पिछले तीन माह में घटित गंभीर श्रेणी के अपराधों की विशेष समीक्षा करते हुए महिला अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही हाल के महीनों में जेल से रिहा हुए अपराधियों, आर्म्स एक्ट और संपत्तिमूलक अपराधों में शामिल तत्वों के सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
आदतन अपराधियों के विरुद्ध सीसीए (Crime Control Act) के तहत कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजने, लंबित वारंट और कुर्की मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित एंटी क्राइम चेकिंग और पेट्रोलिंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। आगामी सरस्वती पूजा को देखते हुए सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था की पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के दौरान विगत माह में उत्कृष्ट कार्य और महत्वपूर्ण कांडों के सफल उद्भेदन के लिए पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।








