गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में एक अनोखी और चर्चित शादी का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में लोगों का ध्यान आकर्षित कर लिया है। यहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की मांग में बीच सड़क पर सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी बना लिया। खास बात यह रही कि इस शादी में न बारात थी, न डीजे, न पंडित और न ही कोई पारंपरिक रस्म—फिर भी यह शादी चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल, दो दिन पहले गढ़वा शहर में प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से होटल चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान शहर के कई नामी होटलों—एसएनसी होटल, आरडीएक्स होटल और रंका रोड स्थित तिवारी रेस्ट हाउस—में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 14 कपल आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए, जिनमें कुछ प्रेमी-प्रेमिका भी शामिल थे।

पुलिस सभी को थाने लेकर आई और कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच कुछ कपल्स के परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से आग्रह किया कि उनके बच्चों को जेल न भेजा जाए, बल्कि उनकी शादी करा दी जाए।
परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने संबंधित जोड़ों से बॉन्ड भरवाया और उन्हें छोड़ दिया। जैसे ही ये कपल्स थाने से बाहर निकले, उन्होंने बिना किसी देरी के सड़क को ही अपना मंडप बना लिया। लड़कों ने अपनी प्रेमिकाओं की मांग में सिंदूर भरकर उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया।
इस दौरान न कोई धार्मिक विधि-विधान हुआ और न ही कोई पारंपरिक आयोजन, लेकिन यह दृश्य देखते ही देखते पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की है। उनका मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से समाज में गलत संबंधों पर रोक लगेगी और युवाओं को जिम्मेदारी का संदेश मिलेगा। वहीं, कुछ लोग इसे प्रशासन की सख्ती और सामाजिक समाधान का अनोखा उदाहरण भी मान रहे हैं।






