Breaking News

गलत दवा बनी मौत की वजह: गढ़वा में मेडिकल स्टोर की लापरवाही से 8 साल के मासूम की गई जान

Share this:

गलत दवा बनी मौत की वजह: गढ़वा में मेडिकल स्टोर की लापरवाही से 8 साल के मासूम की गई जान

गढ़वा: गढ़वा जिले के भवनाथपुर में मंगलवार को मेडिकल लापरवाही का एक दर्दनाक मामला सामने आया, जहां गलत दवा दिए जाने से एक आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के स्माइलवा गांव निवासी सदानंद चेरो की पत्नी अपने आठ वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार को लेकर चेरवाडीह में रिश्तेदारी में आई थी। इसी दौरान बच्चे को तेज बुखार हो गया। 18 जनवरी को परिजन इलाज के लिए भवनाथपुर पहुंचे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित यादव मेडिकल स्टोर ले गए।

मेडिकल स्टोर संचालक विंध्याचल यादव ने बच्चे की जांच पास के न्यू लाइफ पैथो लैब में कराई। रिपोर्ट में कुंदन का हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 5.8 पाया गया, जो बेहद चिंताजनक था। इसके बावजूद बच्चे को किसी अस्पताल में रेफर करने के बजाय संचालक ने खुद ही दवा देकर घर भेज दिया।

अगले दिन भी जब बच्चे की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और बुखार बना रहा, तो परिजन दोबारा मेडिकल स्टोर पहुंचे। इस बार भी संचालक ने दवा देकर स्थिति सामान्य होने का भरोसा दिलाया।
मंगलवार अहले सुबह कुंदन की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल मेडिकल स्टोर लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। बाद में सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने भी बच्चे की मौत की पुष्टि कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी शंभू राम, थाना प्रभारी रजनी रंजन और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने यादव मेडिकल स्टोर को सील कर दिया और मृतक की मां का बयान दर्ज किया गया, जिसमें मेडिकल स्टोर संचालक की लापरवाही को मौत का कारण बताया गया है।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि कम हीमोग्लोबिन होने के बावजूद गलत दवा दी गई, जिससे बच्चे की मौत हुई। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score