विशुनपुरा में अतिक्रमण को लेकर बवाल: प्रमुख बनाम ग्रामीण, दोनों पक्षों ने किया पुतला दहन

Share this:

विशुनपुरा में अतिक्रमण को लेकर बवाल: प्रमुख बनाम ग्रामीण, दोनों पक्षों ने किया पुतला दहन

गढ़वा: जिले के विशुनपुरा मुख्यालय स्थित पुराने पंचायत भवन के पास अतिक्रमण को लेकर विवाद अब गहराता जा रहा है। मामला इतना बढ़ गया कि ब्लॉक प्रमुख और स्थानीय ग्रामीण आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।

एक ओर ब्लॉक प्रमुख दीपा कुमारी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रमुख का आरोप है कि अनुमंडल पदाधिकारी के स्पष्ट निर्देश के बावजूद अंचल प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। विरोध स्वरूप प्रमुख समर्थकों ने तिरंगा यात्रा और कैंडल मार्च निकालते हुए अंचल अधिकारी खगेस कुमार का पुतला दहन किया।

प्रमुख दीपा कुमारी ने बताया कि पुराने पंचायत भवन के पास करीब 1 एकड़ 48 डिसमिल सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने कहा कि 10 अप्रैल तक अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर, पुराने पंचायत भवन के आसपास रहने वाले दर्जनों ग्रामीणों ने प्रमुख के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने प्रमुख और उनके प्रतिनिधि के विरोध में शव यात्रा निकालकर आक्रोश जताया। यह शव यात्रा लाल चौक से शुरू होकर अपर बाजार, चकचक मोड़, गांधी चौक, पुरानी बाजार होते हुए पोखरा चौक पहुंची और फिर वापस लाल चौक पर समाप्त हुई।

इसके बाद ग्रामीणों ने प्रमुख दीपा कुमारी और उनके प्रतिनिधि चंदन मेहता का पुतला दहन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से बसे लोगों को उजाड़ने की कोशिश की जा रही है, जिससे कई परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपना घर और रोजगार नहीं छोड़ेंगे और आंदोलन जारी रखेंगे।

इस पूरे मामले में एक ओर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग है, तो दूसरी ओर वर्षों से बसे लोगों के विस्थापन का मुद्दा भी गंभीर रूप लेता जा रहा है। प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score